गूगल रिव्यू पर वेतन का झांसा, बेरोजगार से 70 लाख की ठगी

Share the Post

हरिद्वार में साइबर ठगों का बड़ा खेल, लोन लेकर भी फंसा शिकार

हरिद्वार। बेरोजगारी की मार झेल रहे लोगों को अब साइबर ठग अपने निशाने पर ले रहे हैं। हरिद्वार के सिडकुल निवासी एक व्यक्ति को गूगल रिव्यू देने पर मोटे वेतन का लालच देकर ठगों ने 70.31 लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने पहले व्हाट्सएप और फिर टेलीग्राम लिंक के जरिये फंसाकर उनकी जिंदगी की पूरी जमा पूंजी लूट ली। इतना ही नहीं, कार्रवाई के डर से पीड़ित को 40 लाख रुपये का लोन तक लेना पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

व्हाट्सएप पर लालच, टेलीग्राम पर जाल

सिडकुल निवासी विकास ने बताया कि दो सितंबर को उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें गूगल रिव्यू देने पर मोटे वेतन का झांसा दिया गया। बेरोजगारी के चलते उन्होंने ऑफर स्वीकार कर लिया। ठगों ने उन्हें टेलीग्राम लिंक भेजकर एक ग्रुप में जोड़ा, जहां खुद को सीएमई ग्रुप कंपनी से जुड़ा बताया गया।

पहले भरोसा, फिर लूट

ठगों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर निवेश का झांसा दिया और 50 प्रतिशत मुनाफा देने की बात कही। शुरुआत में उनसे 15 हजार रुपये मांगे गए, जिसे उन्होंने ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अलग-अलग टास्क दिए जाने लगे और रकम लगातार मांगी जाती रही।

कार्रवाई का खौफ दिखाया

जब पीड़ित ने निवेश की गई रकम निकालने की कोशिश की तो उन्हें ‘क्रेडिट स्कोर’ का बहाना बनाकर 8 लाख रुपये और जमा करने को कहा गया। इसके बाद भी रकम वापस नहीं मिली, उल्टा उनसे टैक्स और अन्य शुल्क मांगे गए। टैक्स न देने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर ठगों ने 70.31 लाख रुपये हड़प लिए।

लोन लेकर भी फंसा शिकार

रकम जुटाने के लिए पीड़ित को 40 लाख रुपये का लोन तक लेना पड़ा। अंततः जब लगातार रकम मांगने और धमकाने का सिलसिला जारी रहा तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर क्राइम पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *