डीएम ललित मोहन रयाल के नवाचारों पर शासन की खुली तालियाँ, नैनीताल बना प्रशासनिक उत्कृष्टता का आदर्श मॉडल

Share the Post

जनपद नैनीताल में राजस्व एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों को उत्तराखंड शासन ने जमकर सराहना की है।

जिलाधिकारी श्री रयाल द्वारा जनहित में शुरू की गई इन पहलों से आम जनता को बड़ी राहत मिली है और प्रशासन पर जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

निर्विवाद विरासत मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में जनपद नैनीताल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बीते तीन माह में राजस्व कर्मियों द्वारा ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन कर लगभग 5000 निर्विवाद विरासत मामलों का सफल एवं त्वरित निस्तारण किया गया।

जनपद की इस सराहनीय उपलब्धि पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार के समस्त सचिवगणों ने तालियाँ बजाकर जनपद नैनीताल के प्रयासों का स्वागत और अभिनंदन किया।

इसके साथ ही मेड़ विवाद, सीमा विवाद, खेत संख्या में नाम/नंबर दुरुस्ती, पैमाइश, नपती, सीमांकन, तथा गूल एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने से जुड़े कुल 1150 मामलों के सफल निस्तारण पर परगना स्तरीय राजस्व प्रवर्तन टीमों के कार्यों की विशेष सराहना की गई। वहीं जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से संबंधित 2300 मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने पर संबंधित पंजीकरण अधिकारियों को भी प्रशंसा मिली।

जनपद प्रशासन द्वारा किए गए इन ठोस प्रयासों से न केवल राजस्व एवं नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता, गति और विश्वास बढ़ा है, बल्कि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और राहत भी सुनिश्चित हुई है। शासन स्तर पर इस उपलब्धि को प्रशासनिक नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा की गई कार्यवाही व अभिनव पहल के विषय में मुख्य सचिव को अवगत कराया गया।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *