November 17, 2026

कैंची धाम मेले में जाने से पहले पढ़ लें यह खबर, SSP ने जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश

Share the Post

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि कैंचीधाम मेले के तहत आसपास के लोगों के आवागमन पर कोई रोक नहीं है। पुलिस कप्तान ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में चल रही खबरों को गलत करार दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि कैंची धाम क्षेत्र में स्थानीय लोगों को रोका जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा एवं आस-पास के क्षेत्र के सभी स्थानीय निवासी वैध स्थानीय पहचान पत्र (आईडी) दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निर्बाध आवागमन कर सकते हैं। स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा ऐसी अफवाहों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें।कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आगमन के कारण क्षेत्र में अत्यधिक यातायात दबाव है। ऐसे में कुछ स्थानों पर यातायात का धीमा होना स्वाभाविक है, फिर भी पुलिस द्वारा यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी अनुमति दी जा रही है। इसके लिए होटल की पुष्ट बुकिंग दिखानी होगी, जिसके सत्यापन के उपरांत तत्काल वाहन को आगे जाने दिया जाएगा।

इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि स्थानीय नागरिकों एवं वैध बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सुविधा प्रदान की जाए।

एसएसपी नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से संयम बनाए रखने तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि सभी को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।


Share the Post

You may have missed