अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार कैंटर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोग घायल

Share the Post

अल्मोड़ा : जिले के चौखुटिया कस्बे में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कैंटर ने गलत दिशा से आकर एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौखुटिया में भर्ती कराया गया…जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार कैंटर चौखुटिया बाजार से गुजर रहा था। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वह रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में दुलड़ी गांव निवासी किशन राम, उनकी पत्नी राधा देवी, कोमल देवी,कार चालक वीरेंद्र सिंह और एक बच्चा घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि परिवार अपने बच्चे का कर्णभेद संस्कार कराकर घर लौट रहा था। घर से कुछ ही दूरी पहले उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।

सूचना मिलने पर चौखुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में ले लिया है। चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच जारी है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *