देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलियों की चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे ठेके से कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान कुछ लोग आए और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। पहले उन्हें लगा कि किसी बुलेट बाइक की आवाज है, लेकिन पास पहुंचने पर पता चला कि गोली चली है। उनका दावा है कि आरोपियों के पास देसी कट्टा था और फायरिंग के बाद वे हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए।
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा के कंधे में गोली का छर्रा लगा। उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और शराब के ठेके के बाहर धरने पर बैठकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर शराब का ठेका निर्धारित समय से पहले ही बंद करा दिया।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि फायरिंग में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।