रायपुर में शराब ठेके के बाहर गोलीबारी: आक्रोशित जनता ने जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से DM को सौंपा ज्ञापन

Share the Post

देहरादून: रायपुर विधानसभा क्षेत्र के 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान के बाहर देर शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। घटना में दो युवकों के घायल होने के बाद आज सुबह से स्थानीय नागरिकों का हुजूम ठेके के बाहर जमा हो गया। लोगों ने ठेके को तत्काल बंद कराने की मांग करते हुए भारी आक्रोश व्यक्त किया। मौके पर भारी पुलिस बल और आबकारी विभाग की टीम मौजूद रही।

जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी देहरादून को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें शराब दुकान को तत्काल हटाने, गोलीबारी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि शराब ठेके के खुलने के बाद से क्षेत्र में अप्रिय घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय नागरिक लंबे समय से अव्यवस्था, झगड़ों और कानून-व्यवस्था की समस्या को लेकर शासन के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त करते आ रहे थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कल हुई गोलीबारी की घटना ने इन आशंकाओं को और गंभीर बना दिया है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें:

• 6 नंबर पुलिया स्थित शराब दुकान को जनहित में तत्काल वर्तमान स्थान से हटाया जाए।
• गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
• क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए स्थायी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएं।

ज्ञापन पर रायपुर क्षेत्र के कई स्थानीय नागरिकों, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।

स्थानीय लोगों में भय और गुस्सा

स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके के कारण क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। गोलीबारी की घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि शासन-प्रशासन को अब जागना चाहिए और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आबकारी विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ठेके के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है।

अंतिम दूत इस घटना पर प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है। हम जनता की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल के पक्ष में हैं। प्रशासन से अपील है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *