हल्द्वानी सेक्स रैकेट केस में बड़ी गिरफ्तारी! डेढ़ महीने से फरार राहुल जायसवाल पुलिस के हत्थे चढ़ा

Share the Post

हल्द्वानी: चर्चित सेक्स रैकेट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी राहुल जायसवाल को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTU) ने हल्द्वानी क्षेत्र में छापेमारी कर एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 196/2026 के तहत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित 38 वर्षीय राहुल जायसवाल घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने जजी कोर्ट तिराहा, हल्द्वानी के पास से राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *