ऋषिकेश में ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंग लीडर समेत 3 गिरफ्तार

Share the Post

ऋषिकेश। संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी भूमि एवं पारिवारिक विवादों में लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल थे।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा और उसके दो साथियों के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप करता था। आरोप है कि गिरोह द्वारा लोगों को धमकाकर विवादों को जबरन सुलझाने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली और ब्लैकमेलिंग करने तथा घरों में घुसकर मारपीट व गाली-गलौज जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। इनके प्रभाव के चलते स्थानीय लोग शिकायत करने से भी डरते थे।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2016 से 2026 के बीच गिरोह के सदस्यों के खिलाफ करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी इस बोर्ड के जरिए लोगों पर अपना प्रभाव और भय कायम करता था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जगजीत उर्फ जग्गा, निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश — गैंग लीडर
  2. प्रणव उर्फ राघव बत्रा, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश — गैंग सदस्य
  3. दीपेश कुमार, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, ऋषिकेश — गैंग सदस्य

मामले में नामजद रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस टीम में कोतवाली ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, डोईवाला प्रभारी निरीक्षक एवं विवेचक राकेश गुसाईं सहित उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *