नगर आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान और सड़क मरम्मत के दिए निर्देश

Share the Post

15 दिन में गड्ढामुक्त सड़कें, वार्डवार फोटो रिपोर्ट अनिवार्य; लापरवाही पर जिम्मेदारी तय होगी

देहरादून। नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों और संपर्क मार्गों के किनारे उगी घास-झाड़ियां, कूड़ा-कचरा व अन्य अपशिष्ट तत्काल हटाने को कहा गया है। सफाई कार्यों की वार्डवार दैनिक रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करनी होगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।

वर्षा और जलभराव से क्षतिग्रस्त व गड्ढायुक्त निगम सड़कों का स्थलीय सर्वेक्षण कर 15 दिन के भीतर आवश्यक मरम्मत और पैचवर्क से उन्हें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मरम्मत की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा होगी।

निर्माण कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्य शुरू होने से पहले स्थल निरीक्षण, जीपीएस लोकेशन सहित फोटोग्राफ और कार्य की आवश्यकता का प्रमाण-पत्र पत्रावली में लगाना अनिवार्य होगा। कार्य से पहले और बाद की तस्वीरें एक ही दिशा से ली जाएंगी। किसी अन्य योजना या विभाग से उसी स्थल पर समान कार्य पहले स्वीकृत या प्रस्तावित तो नहीं है, यह भी सत्यापित किया जाएगा।

निर्देशों का पालन न होने पर भुगतान नहीं होगा और संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंता का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि नागरिक सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और गुणवत्तापूर्ण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *