पटेलनगर में वाहन चोरी की दो वारदातों का खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; चोरी की दोनों स्कूटियां बरामद

Share the Post

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की दो घटनाओं का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दोनों स्कूटियां बरामद कर ली हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में स्कूटी चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। मुस्लिम बस्ती कारगी ग्रांट निवासी मौ. दिलशाद ने अपनी स्कूटी संख्या UK-07-HH-4492 चोरी होने की शिकायत की थी। वहीं, पित्थूवाला कैलाशपुर निवासी इंतेजार ने स्कूटी संख्या UK-07-FL-2908 चोरी होने की तहरीर दी थी।

दोनों शिकायतों के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में क्रमशः मु0अ0सं0-519/26 और मु0अ0सं0-605/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।

CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली अहम जानकारी

वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस की लगातार जांच और सुरागरसी के बाद टीम को अहम सुराग हाथ लगे।

हरिद्वार बाईपास रोड से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल मार्ग के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मौहम्मद आसिफ (29 वर्ष), पुत्र वशी अहमद, निवासी चांद तारा रेडा, अबूबकर मस्जिद के निकट, कारगी मुस्लिम बस्ती, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी का मूल पता ग्राम कलेडी, कुरैशी मोहल्ला, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।

आरोपी के कब्जे से स्कूटी संख्या UK-07-FL-2908 बरामद हुई, जो मुकदमा अपराध संख्या 605/2026 में चोरी हुई थी।

आरोपी की निशानदेही पर दूसरी स्कूटी भी बरामद

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसकी ओर से चोरी की गई दूसरी स्कूटी UK-07-HH-4492 भी बरामद कर ली गई। यह स्कूटी सचिवालय कॉलोनी से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थी। उक्त स्कूटी के संबंध में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 519/2026 दर्ज है।

नशे की जरूरत पूरी करने के लिए करता था चोरी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने दोनों स्कूटियां चोरी की थीं। आरोपी चोरी की गई स्कूटियों को बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और क्षेत्र में चल रही सघन चेकिंग के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।

बरामदगी

  • स्कूटी UK-07-HH-4492 — मुकदमा अपराध संख्या 519/2026 से संबंधित
  • स्कूटी UK-07-FL-2908 — मुकदमा अपराध संख्या 605/2026 से संबंधित

पुलिस टीम

वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह कुमाई, कांस्टेबल अनोज राणा और कांस्टेबल शिवराज सिंह शामिल रहे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *