15 सितंबर से शुरू होगी केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा, 7 सितंबर से टिकट बुकिंग

Share the Post

देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा 15 सितंबर से दोबारा शुरू होगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की अनुमति मिलने के बाद हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू की जाएगी। टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।

इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से हेली सेवा का संचालन शुरू किया गया था। हालांकि, मानसून सीजन को देखते हुए DGCA के निर्देश पर 25 जून से हेली सेवा पर रोक लगा दी गई थी।

अब चारधाम यात्रा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर DGCA की ओर से हेली सेवा संचालन को लेकर निरीक्षण किया गया, जिसके बाद सेवा दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई है।

30 सितंबर तक कर सकेंगे हेली यात्रा की बुकिंग

आईआरसीटीसी ने अपनी वेबसाइट पर जारी जानकारी में बताया है कि 7 सितंबर सुबह 11 बजे से 15 से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग की जा सकेगी। श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।

तीन हेलीपैड से नौ कंपनियां करेंगी संचालन

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से हेली सेवा का संचालन किया जाता है। इन तीनों हेलीपैड से नौ एविएशन कंपनियां सेवाएं देती हैं।

उन्होंने बताया कि DGCA ने 15 सितंबर से केदारनाथ के लिए हेली सेवा पुनः शुरू करने की अनुमति दे दी है। इससे चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को हवाई सेवा की सुविधा मिल सकेगी।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *