मुख्यमंत्री आवास घेराव ऐतिहासिक होगा : कुमारी सैलजा

Share the Post

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार, 7 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों को पूरी गंभीरता, एकजुटता और अनुशासन के साथ पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों से समन्वय बनाए रखने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने भी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, सहप्रभारी मनोज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी, राकेश राणा, कविन्द्र इष्टवाल, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, राजेश चमोली, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, विकास नेगी टीचकुले सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस इकाई पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री आवास घेराव के माध्यम से सरकार की नीतियों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता की आवाज को मुखर किया जाएगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *