दादी के घर में जाते ही मासूम को गोद में उठाकर ले गया युवक ईदगाह रोड पर दिनदहाड़े अपहरण से मचा हड़कंप ज्वालापुर पुलिस ने शुरू की तलाश

Share the Post

हरिद्वार/ज्वालापुर। ईदगाह रोड स्थित दीक्षा राइजिंग स्कूल के सामने मंगलवार को दिनदहाड़े एक मासूम बच्ची के अपहरण की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब बच्ची अपनी दादी के साथ घर के बाहर खेल रही थी। बताया जा रहा है कि मासूम जुड़वा बहनों में से एक है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। और बच्ची की सकुशल बरामदगी की उम्मीद में हर पल पुलिस की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को मासूम बच्ची अपनी दादी के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान दादी कुछ सामान रखने के लिए घर के अंदर चली गईं। दादी के घर के अंदर जाते ही एक युवक वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए मासूम बच्ची को गोद में उठाया और वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दादी वापस बाहर आईं तो बच्ची को वहां न पाकर उनके होश उड़ गए।

उन्होंने आसपास बच्ची की तलाश शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बच्ची के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े मासूम के अपहरण की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना तत्काल ज्वालापुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन शुरू कर दी है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी है।आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है। मासूम की तलाश में स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभाल लिया है। युवाओं की टीम क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रही है। लोगों से भी बच्ची के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचना देने की अपील की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद आसपास रहने वाले परिवारों में चिंता बढ़ गई है। लोग अपने बच्चों को लेकर बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं।

परिजनों की एक ही मांग है। कि पुलिस जल्द से जल्द मासूम को सकुशल बरामद करे और घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद से इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। परिजनों और स्थानीय लोगों को बच्ची के जल्द बरामद होने की उम्मीद है। पुलिस घटना की जांच के साथ साथ अपहरणकर्ता तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *