October 25, 2026

देहराखास के PG हॉस्टल में 21 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Share the Post

देहरादून। देहरादून के देहराखास क्षेत्र में स्थित एक पीजी हॉस्टल में 21 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

मृतक की पहचान सौरव कुमार निवासी घोड़हिया वार्ड नंबर-3, सूरजपुर, पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। सौरव वर्तमान में एक संस्थान में बीपीटी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और देहराखास स्थित पीजी हॉस्टल में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे देहराखास स्थित एक पीजी हॉस्टल में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सौरव के साथी प्रांजल, निवासी शिकोहाबाद, फिरोजाबाद ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

प्रांजल ने बताया कि वह और सौरव एक ही पीजी हॉस्टल में रहते थे। मंगलवार शाम करीब 7:43 बजे जब वह बाहर से वापस कमरे पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास करने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।

कमरे के अंदर सौरव पंखे से चादर के सहारे फंदे पर लटका मिला। प्रांजल ने तत्काल इसकी सूचना पीजी संचालक और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक सौरव की मौत हो चुकी थी।

पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई की। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।


Share the Post