कुम्हार बाड़ा में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

Share the Post

गर्भवती महिलाओं को वितरित किया पौष्टिक आहार, नन्हे-मुन्ने बच्चों को भेंट की पोषण सामग्री व उपहार

ऋषिकेश । महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पोषण अभियान के अंतर्गत कुम्हार बाड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान जी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की ओर से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक विधि-विधान के साथ गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। इस अवसर पर महिलाओं को फल एवं पौष्टिक आहार वितरित कर गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र में आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को भी पोषण सामग्री एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर महापौर श्री शम्भू पासवान जी ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श लेने का आह्वान किया।

महापौर ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा जागरूकता को लेकर किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजनों से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन आंगनवाड़ी संचालिका वीरबाला एवं सहायिका लक्ष्मी गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री कविता शाह, मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार, नामित पार्षद सोनू पांडे, संचालिका वीरबाला, सहायिका लक्ष्मी गुप्ता, ज्योति, कुसुम यादव सहित क्षेत्र की मातृशक्ति उपस्थित रहीं


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *