बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, पिता की पीट-पीटकर हत्या; दो भाइयों पर मुकदमा

Share the Post

उधमसिंह नगर। खेतलसंडा खाम गांव में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ कर रहे दो भाइयों को डांटने पर उन्होंने पिता के साथ मारपीट की और चारपाई की पाटी से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की गोरखपुर एम्स ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली युवती अपने परिवार के साथ काम के सिलसिले में खेतलसंडा खाम गांव में रह रही थी। युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे वह गांव के सरकारी नल से पानी भरकर घर लौट रही थी।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के संजय और सुभाष ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बेटी के साथ छेड़छाड़ होते देख उसके पिता ने दोनों भाइयों को डांटते हुए विरोध किया।

आरोप है कि पिता के विरोध से नाराज दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चारपाई की पाटी से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया गया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।

परिजन गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर एम्स के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *