पुलिस जांच की धीमी गति पर जताई नाराजगी, मामले की जांच तेजतर्रार वरिष्ठ अधिकारी को सौंपने की उठाई मांग
देहरादून। समर वैली स्कूल, डालनवाला प्रकरण में आरोपी शिक्षक की अब तक गिरफ्तारी न होने पर संयुक्त नागरिक संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सचिव गृह शैलेश बगौली से मुलाकात कर मामले की पुलिस जांच में तेजी लाने और आरोपी शिक्षक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान संगठन ने सचिव गृह को ज्ञापन सौंपते हुए जांच शीघ्र पूरी कराने की अपील की। सचिव गृह ने मामले में आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र भट्ट, सचिव अवधेश शर्मा और महासचिव सुशील त्यागी शामिल रहे। इससे पहले संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) से भी मुलाकात का प्रयास किया। इस दौरान राष्ट्रीय पैरेंट्स एसोसिएशन के आरिफ खान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के मुकेश नारायण शर्मा और सांख्य योग फाउंडेशन के डॉ. मुकुल शर्मा भी मौजूद रहे। संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंपा गया। पीड़ित छात्रा की माता बीना शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहीं।
संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि समर वैली स्कूल, डालनवाला में एक शिक्षक पर 11वीं कक्षा की छात्रा के शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न के आरोप हैं। इस संबंध में 24 अक्टूबर 2026 को थाना डालनवाला में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला सामने आने के बाद समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के माध्यम से भी इसे प्रमुखता से उठाया गया। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को सेवा से हटा दिया, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
ज्ञापन में कहा गया कि पॉक्सो एक्ट से संबंधित इस संवेदनशील मामले की जांच करीब 10 दिनों से लंबित है। आधुनिक संचार और पुलिस संसाधनों के बावजूद कार्रवाई में हो रही देरी चिंता का विषय है। संगठन ने मांग की कि मामले की जांच किसी तेजतर्रार वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित हो सके तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो।
संगठन ने यह भी कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से निराश पीड़ित छात्रा की माता स्कूल के मुख्य गेट पर धरना देने को मजबूर हैं। यह स्थिति बेहद अफसोसजनक है। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
More Stories
रानीपोखरी में 8 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
देहरादून में छह साल की मासूम से दुष्कर्म, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में; अस्पताल में भर्ती बच्ची