November 17, 2026

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: धामी बोले- महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता, 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

Share the Post

बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर में होगी जारी, चमोली में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण

चमोली/पीपलकोटी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में लाभार्थियों के बैंक खातों में जारी की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली एवं लोकसंस्कृति से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार, खेल और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला।

इसके अलावा कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चमोली जनपद के लिए 149.77 करोड़ रुपये की कुल 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल तथा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है।

वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर एवं उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों की स्थापना, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य शामिल हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती एवं रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


Share the Post

You may have missed