कैन्यूर और थलीसैण में 1.72 करोड़ की लागत से बनेंगे कूड़ा निस्तारण प्लांट, 100 लाभार्थियों को मिले पीएम आवास योजना के स्वीकृति पत्र
पौड़ी/देहरादून, 17 नवंबर 2026। विद्यालयी शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के थलीसैण विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और नशामुक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर स्थानीय लोगों को विभिन्न योजनाओं की सौगात दी।
2.89 करोड़ से निर्मित कपरोली इंटर कॉलेज भवन का लोकार्पण
डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज कपरोली में 289.54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और पढ़ाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर मल्ली और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैन्यूर में 12-12 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का भी लोकार्पण किया।
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन वाहन रवाना
नगर पंचायत कैन्यूर में घर-घर कूड़ा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मंत्री ने तीन कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण में सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत थलीसैण में 47.56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही नगर पंचायत कैन्यूर एवं थलीसैण में 1.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कूड़ा निस्तारण प्रोसेसिंग प्लांट का भी शिलान्यास किया।
100 लाभार्थियों को मिले प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र
नगर पंचायत कैन्यूर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 100 पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित यह योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने और उनके अपने घर के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का दिलाया संकल्प
कैन्यूर में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में मंत्री ने स्थानीय लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
महिला मंगल दलों को वितरित की सांस्कृतिक सामग्री
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने ग्रामसभा मुसेटी एवं कपरोली में महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। इसका उद्देश्य लोक संस्कृति, पारंपरिक गतिविधियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित करना हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, नगर पंचायत कैन्यूर सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, महिला मंगल दलों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
More Stories
गोपाष्टमी पर गोकुल गौ सदन में भक्तिमय आयोजन, महिला प्रकोष्ठ ने विधि-विधान से किया गौ माता का पूजन
पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: धामी बोले- महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता, 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल
उत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मेगा मॉक ड्रिल, पहली बार तहसील स्तर तक एक साथ होगा आपदा प्रबंधन का अभ्यास