रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ ने आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
आरोपी आरटीओ कार्यालय के पास दो अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर अवैध वसूली का नेटवर्क चला रहे थे। वे लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम करते थे और सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर वाहन स्वामियों से निर्धारित रकम से अधिक पैसे वसूलते थे।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास कुछ लोग वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण बाछाड़ निवासी दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी बताई है। पुलिस और एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं। साथ ही इसमें शामिल अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि आरटीओ से संबंधित कार्यों के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का इस्तेमाल करें और सरकारी काम कराने के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त धनराशि न दें।
More Stories
उत्तराखण्ड के विकास में श्रृमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका: महाराज
बच्चों को सिर्फ आधुनिक शिक्षा नहीं, अपनी माटी की कहानियां, लोकगीत और लोरियां भी सुनाइए -बंशीधर तिवारी
उत्तराखंड के देहरादून एवं काशीपुर में फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का भव्य आयोजन