November 29, 2026

सतपुली-गुमखाल मार्ग पर खाई में गिरा ट्रक, हादसे में एक व्यक्ति की मौत

Share the Post

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में सतपुली-गुमखाल मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैर गांव के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर SDRF की टीम ने रात के अंधेरे में दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक का शव खाई से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को जिला नियंत्रण कक्ष पौड़ी से SDRF पोस्ट सतपुली को सूचना मिली कि सतपुली-गुमखाल मार्ग पर बैर गांव के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद SDRF जवानों ने रात के घने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम को खाई में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।

मृतक की पहचान देवेंद्र (45 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, मूल निवासी पैठाणी थापलू के रूप में हुई। SDRF जवानों ने काफी कठिनाई के बाद शव को गहरी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

हादसे के कारणों का फिलहाल विवरण सामने नहीं आया है।


Share the Post