अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

Share the Post

देहरादून, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अतिवृष्टि से प्रभावित मालदेवता और केसरवाला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहाँ की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कें, पुल और सरकारी संपत्तियाँ क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिसका सीधा असर आमजन के जीवन पर पड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र खोलने, पेयजल और बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि शासन व प्रशासन की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और सभी विभाग आपसी समन्वय से राहत, बचाव व पुनर्वास कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री लगातार राज्य आपदा परिचालन केंद्र से परिस्थितियों की समीक्षा कर रहे हैं और सभी जिलाधिकारियों से संपर्क में बने हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि हर प्रभावित नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *