उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Share the Post

देहरादून, 26 मार्च 2025(हमारी चौपाल )उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों को रोकने, यूसीसी में लिव-इन-रिलेशनशिप का प्रावधान समाप्त करने और विधानसभा व लोकसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास घेराव किया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया।

बड़े प्रदर्शन के साथ निकाला गया जुलूस

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सैन्ट्रियो मॉल, दिलाराम चौक पर एकत्र हुईं। वहां से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपराधों पर नियंत्रण न कर पाने का आरोप लगाया।

महिला अपराधों में वृद्धि, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

ज्ञापन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह विफल रही है। हत्या, लूट, बलात्कार, चेन स्नैचिंग, टप्पेबाजी जैसे अपराधों में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं और नाबालिगों पर अत्याचार के मामले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेता की संलिप्तता उजागर होने के बावजूद सरकार वीआईपी आरोपी का नाम बताने में असमर्थ रही है। इसी तरह, हेमा नेगी, पिंकी हत्याकांड और बहादराबाद बलात्कार कांड जैसे मामलों में भी सरकार की निष्क्रियता नजर आई है।

यूसीसी में लिव-इन-रिलेशनशिप का विरोध

महिला कांग्रेस ने यूसीसी में लिव-इन-रिलेशनशिप को वैधता देने के प्रावधान का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और नैतिक मर्यादाओं को बचाने के लिए इस प्रावधान को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लिव-इन-रिलेशनशिप जैसी प्रथाएं समाज की पारिवारिक व्यवस्था को कमजोर करेंगी और युवाओं को नैतिक रूप से भटकाने का काम करेंगी।

महिला आरक्षण शीघ्र लागू करने की मांग

महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की कि विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण जल्द से जल्द लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर देश के विकास में योगदान दे रही हैं, लेकिन उन्हें राजनीतिक भागीदारी से वंचित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आवास घेराव में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौडियाल थापा, महासचिव सुशीला बेलवाल, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, अनुराधा तिवारी, मीना शर्मा, जया कर्नाटका, जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, राधा बिष्ट, नन्दा बिष्ट, गीता पंवार, आशा रावत, मोनिका ढाली, भावना भट्ट, मुन्नी बिष्ट, शोभा बडोनी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

महिला कांग्रेस की चेतावनी

महिला कांग्रेस ने कहा कि अगर सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, यूसीसी में संशोधन और आरक्षण लागू करने की मांग को गंभीरता से नहीं लिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *