देहरादून: प्रतिबंधित सेना वर्दी का कपड़ा बेचते दुकानदार पर केस दर्ज

Share the Post

दिल्ली में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा एजेंसियों के नाम पर होने वाली गतिविधियों को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को खास निर्देश दिए थे कि सुरक्षा बलों से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री करने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया जाए। इन्हीं निर्देशों के तहत शुरू हुई चेकिंग अभियान के दौरान रायवाला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

थाना रायवाला पुलिस की टीम ने क्षेत्र में एक दुकान पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस को दुकान से सेना की नई डिजिटल डिसरप्टिव पैटर्न वाली वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा मिला। यह वही यूनिफॉर्म पैटर्न है, जिसे वर्ष 2022 में राष्ट्रीय पहचान प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) ने सेना दिवस पर लॉन्च किया था। यह वर्दी अमेरिकी सेना की डिजिटल यूनिफॉर्म के आधार पर डिजाइन की गई है और इसे सिर्फ सैन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को ही जारी किया जाता है। किसी आम नागरिक को इसे बेचना या खरीदना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

दुकान से प्रतिबंधित कपड़े की बरामदगी के बाद पुलिस ने दुकान मालिक बंजरग सिंह राठौर निवासी रायवाला (मूल निवासी नागौर, राजस्थान) के खिलाफ कोतवाली रायवाला में धारा 318(4)/349 BNS और धारा 63 कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को नोटिस तामील कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद यह आशंका बनी हुई है कि आतंकी सुरक्षा बलों की वर्दी पहनकर किसी बड़े हमले को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसी वजह से दून पुलिस जिले में ऐसे सभी दुकानों पर सख्ती से निगरानी कर रही है। प्रतिबंधित वर्दी या संबंधित सामग्री की बिक्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है।

दून पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति प्रतिबंधित सुरक्षा सामग्री, वर्दी या उनसे जुड़ी वस्तुओं का क्रय-विक्रय करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें कहीं पर भी ऐसी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। दून पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज चलेगा, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक या आतंकी मंसूबों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। गौरतलब है कि बीते शनिवार को दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज किया गया।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *