‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत कैंट में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

Share the Post

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ सेवा सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कैंट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक अमले और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिसमें 2140 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि और उद्यान समेत सरकार के तमाम प्रमुख विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इस दौरान न सिर्फ लोगों को लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, बल्कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं से जोड़ा भी गया।

जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के संकल्प के साथ आयोजित इस शिविर में कुल 41 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 39 गंभीर मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान कर जनता को राहत दी। शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा, शिविर में राजस्व और अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा सक्रियता दिखाते हुए आय, जाति, आधार, यूडीआईडी और खाता-खतौनी समेत विभिन्न प्रकार के 51 जरूरी प्रमाण पत्र भी मौके पर ही जारी किए गए।

शिविर की अध्यक्षता कर रही विधायक सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने सेवा, सुशासन और समर्पण के सफल 5 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि ‘माननीय मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता, सरलता और समयबद्धता के साथ पहुंचे। कोई भी नागरिक बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे, यही हमारा मुख्य ध्येय है। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से अब तक प्रदेश के हजारों नागरिकों को सीधे तौर पर लाभान्वित किया जा चुका है।

इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *