कैनाल रोड पर तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, गर्भवती महिला की मौत

Share the Post

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक पांच माह की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 12:45 बजे कैनाल रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि काठबंगला की ओर से कैनाल रोड की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार के अचानक ब्रेक नहीं लगे। अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े एक स्कूटर और बाइक से जा टकराई। इस दौरान वहां मौजूद दो महिलाएं भी कार की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका पांच माह की गर्भवती बताई जा रही है। वहीं, दूसरी घायल महिला का दून अस्पताल में उपचार जारी है।

चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *