फर्जी ऑनलाइन पेमेंट का मैसेज दिखाकर लोगों से नकदी लेने का आरोप, स्थानीय लोगों ने की पिटाई; पुलिस ने रकम वापस कराकर किया चालान
रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में QR कोड के जरिए फर्जी ऑनलाइन भुगतान दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र के डाबर मोड़ पर दो युवक लोगों को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट का मैसेज दिखाकर नकदी लेने की कोशिश कर रहे थे। शक होने पर स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को बाइक समेत चौकी ले गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की बाइक से पहुंचे दोनों युवकों ने डाबर मोड़ पर कुछ लोगों से नकदी की जरूरत बताते हुए QR कोड के माध्यम से उनके बैंक खाते में ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। इसके बदले वे लोगों से नकद रकम ले रहे थे। आरोप है कि युवकों ने मोबाइल पर भुगतान का मैसेज दिखाकर लोगों को भरोसे में लेने की कोशिश की।
इसी दौरान एक व्यक्ति को लेनदेन पर शक हुआ। उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो उसमें कोई रकम जमा नहीं हुई थी। इसके बाद दोनों युवकों की फर्जी पेमेंट के जरिए ठगी करने की कोशिश का खुलासा हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर चौकी ले गई।
सिडकुल चौकी प्रभारी हेमंत कठैत के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस कराई। हालांकि, किसी भी पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई, जिसके चलते पुलिस ने दोनों युवकों का चालान कर उन्हें छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
More Stories
भीमताल झील के पुनर्जीवन की दिशा में SARRA की पहल: मंत्री कैड़ा
लोहाघाट में 4.1 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, कीमत ₹25 लाख
मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र