BREAKING NEWS: लैंसडाउन में गुलदार का खूनी आतंक, घास काटने गई महिला की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत

Share the Post

लैंसडाउन: पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा के नैनीडांडा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार को गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए गुलदार को तुरंत पकड़ने की मांग की.

जानकारी के अनुसार, 27 जून शनिवार की सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी, गांव के ऊपरी जंगल क्षेत्र में घास काटने गई थीं. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया. हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार महिला घसीटकर जंगल की तरफ ले गया.

घटना के दौरान साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया. शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. कुछ समय बाद घटना से कुछ दूरी पर ग्रामीणों को सुशीला देवी का शव बरामद हुआ.

घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई है. वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है और मामले की जांच के साथ गुलदार की तलाश शुरू कर दी गई है. क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. इस दर्दनाक घटना के बाद बणासी तल्ली सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है.

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के कारण जंगलों और खेतों में जाना जोखिम भरा होता जा रहा है, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ है.

वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि,

वन विभाग की एक टीम लगातार पूरे क्षेत्र में गश्त करेगी. इसके अलावा विभाग का प्रशिक्षित शूटर भी मौके पर तैनात कर दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

-आयशा बिष्ट, एसडीओ, वन प्रभाग पौड़ी-

एसडीओ ने कहा कि ग्रामीणों को गुलदार के आतंक से राहत दिलाने के लिए वन विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और किसी भी स्थान पर गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें.


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *