चमोली में घास लेने गई दो महिलाओं पर भालू का हमला, एक की मौत; दूसरी गंभीर घायल

Share the Post

पोखरी। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के नेल-सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह घास लेने जंगल गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सिदेली गांव निवासी विमला देवी (55) पत्नी चंद्रशेखर नेगी और लक्ष्मी देवी (42) पत्नी गजेंद्र नेगी शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे दोनों महिलाएं गांव के समीप पहुंची थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।

भालू के हमले से बचने के प्रयास में एक महिला चट्टान से नीचे गिर गई। हादसे में विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद घायल लक्ष्मी देवी को तत्काल पोखरी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया।

वहीं, मृतका के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए चिकित्सकों की टीम पोखरी पहुंच रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी और वन विभाग के दारोगा मोहन बर्त्वाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

क्षेत्र में भालू की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत

भालू के हमले की घटना के बाद नेल-सिदेली और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की सक्रियता बनी हुई है। जंगलों में घास और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के सामने लगातार खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *