November 12, 2026

रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी, सेवानिवृत्त BRO अधिकारी के खातों से उड़ाए 9.05 लाख रुपये

Share the Post

देहरादून। बैंक ऑफ बड़ौदा का रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त बीआरओ (BRO) अधिकारी को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर उनसे व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारियां हासिल कीं और उनके दो बैंक खातों से करीब 9 लाख 5 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर कैंट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बल्लूपुर एन्क्लेव निवासी बाल कृष्ण भटनागर सेवानिवृत्त पेंशनभोगी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 नवंबर की शाम करीब छह बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके लिए विशेष रिटायर्ड पेंशनर कार्ड बनाया जाना है। इसके लिए कुछ व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारियां मांगी गईं।

इसके बाद साइबर ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक और फॉर्म भेजा। ठगों की व्हाट्सएप प्रोफाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के रिटायर्ड पेंशनर कार्ड से संबंधित तस्वीरें और पोस्टर भी लगे हुए थे। बैंक का नाम और संबंधित सामग्री देखकर बाल कृष्ण भटनागर को बातचीत वास्तविक लगी और उन्होंने मांगी गई जानकारियां साझा कर दीं।

तहरीर के मुताबिक, ठगों ने 5 और 6 नवंबर को भी फोन कर उनसे अतिरिक्त जानकारियां हासिल कीं। 7 नवंबर को दोबारा फोन आने पर पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। इसके बाद वह तत्काल शाम करीब पांच बजे बैंक ऑफ बड़ौदा की बल्लूपुर शाखा पहुंचे। वहां जांच करने पर पता चला कि उनके दोनों बैंक खातों से करीब 9 लाख 5 हजार रुपये की रकम निकाली जा चुकी है।

पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत कैंट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगी के इस मामले की जांच शुरू कर दी है।


Share the Post