रुद्रपुर: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यूपी के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दिबदिबा निवासी एशप्रीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई. पीड़ित एशप्रीत सिंह के अनुसार मंगलवार रात वह अपने दोस्तों गुरदीप सिंह और अर्जुन सिंह के साथ कार से रुद्रपुर आया था.
जब वह गावा चौक के पास पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी अपनी स्कूटी के साथ खड़ा मिला. पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते पहले से ही उनकी निगरानी कर रहा था और मौके की तलाश में था. तहरीर में कहा गया है कि जैसे ही आरोपी ने उन्हें देखा, उसने जान से मारने की नीयत से दो बार फायरिंग कर दी. इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी कि वह उसे जान से मार देगा.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा: रुद्रपुर के कोतवाल एसएस अनिल जोशी ने बताया कि-
तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. जांच की जा रही है. पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोपी की पहचान जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी के रूप में करते हुए उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
-अनिल जोशी, कोतवाल-
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है. कार पर लगे गोली के निशानों का परीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना ने रुद्रपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है.