देहरादून: 13 वर्षीय गुमशुदा बालक को दून पुलिस ने 6 घंटे में सकुशल खोजा, रेलवे स्टेशन से किया बरामद

Share the Post

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। थाना राजपुर क्षेत्र से लापता हुए 13 वर्षीय नाबालिग बालक को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया, जिससे परिवार की खुशियां लौट आईं।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को राजपुर निवासी एक व्यक्ति ने थाना राजपुर में सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर की पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने बालक के घर के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही उसके दोस्तों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि बालक देहरादून रेलवे स्टेशन पर मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालक ने बताया कि परिजनों द्वारा पढ़ाई को लेकर बार-बार दबाव डालने और डांटने से नाराज होकर वह घर छोड़कर रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। उसका इरादा किसी भी ट्रेन में बैठकर घर से दूर जाने का था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस और दून पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, चौकी प्रभारी जाखन
  • कांस्टेबल ललित रावत
  • कांस्टेबल दिशांत
  • हेड कांस्टेबल किरण (एसओजी)

Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *