October 24, 2026

देहरादून: पटेलनगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत चार गिरफ्तार

Share the Post

व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से किया जाता था संपर्क, पुलिस ने मौके से नकदी, दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री की बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में किराए के कमरे में संचालित कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी कर मुख्य आरोपित महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3,500 रुपये नकद, दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मकान में किराए पर कमरा लेकर देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि मुख्य आरोपित महिला व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजकर उनकी पसंद के अनुसार किराए के कमरे में बुलाती थी।

सूचना के बाद पुलिस ने की छापेमारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ को संस्कृति लोक कॉलोनी में किराए के कमरे में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित मकान में छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से नकदी, दवाइयां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।

व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मुख्य आरोपित अजमीरा ने मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि वह बाहरी जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का संचालन कर रही थी।

बताया गया कि ग्राहकों से फोन के माध्यम से संपर्क करने के बाद उन्हें व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार महिलाओं को किराए के कमरे में बुलाया जाता था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, अजमीरा और शेख अजीजल संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला के निवासी हैं। वहीं, रजनी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र और अन्नू हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र की निवासी बताई गई है।

पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Share the Post