धामी सरकार का ₹495 करोड़ का बड़ा तोहफा, कुंभ से सड़कों तक कई परियोजनाओं को मंजूरी

Share the Post

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेला की तैयारियों, सड़क एवं आधारभूत ढांचा विकास, शहरी निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता समेत विभिन्न परियोजनाओं के लिए करीब 495 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

इसके साथ ही पांचवें और छठे वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि तथा अल्मोड़ा में दो मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन को भी मंजूरी दे दी गई है।

कुंभ से लेकर सड़क, पार्किंग और निकायों के कार्यों को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 43.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 17.55 करोड़ जारी किए जाएंगे। वहीं, रामनगर की पुरानी तहसील परिसर में 38.58 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग, चंपावत में एडवेंचर पार्क तथा देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के द्वितीय तल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

नरेंद्रनगर, लक्सर, सितारगंज, हरिद्वार, धारचूला और अन्य क्षेत्रों की सड़कें शामिल

मुख्यमंत्री ने राज्य में सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण की कई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी है। इनमें नरेंद्रनगर, लक्सर, सितारगंज, हरिद्वार, धारचूला और अन्य क्षेत्रों की सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा सल्ट के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, चौखुटिया में रामपादुका मंदिर स्नान घाट, चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क तथा गुंजी गांव के सर्वांगीण विकास जैसी योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

शहरी निकायों व जिला पंचायतों में धन वर्षा

मुख्यमंत्री ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियां लागू होने तक अंतरिम व्यवस्था के तहत शहरी स्थानीय निकायों को 328.28 करोड़ रुपये और जिला पंचायतों को 82.21 करोड़ रुपये की दूसरी तिमाही की धनराशि जारी करने का अनुमोदन भी दिया है। इसके अलावा उन्हाेंने रुद्रपुर स्थित 31वीं वाहिनी पीएसी में आरटीसी और बैरक निर्माण के लिए 19.91 करोड़ रुपये, डीडीहाट न्यायालय में शिशु गृह की स्थापना तथा अन्य विकास योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी को दी स्वीकृति

मुख्यमंत्री धामी ने ने राज्य सरकार तथा स्वायत्त निकायों के उन कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का भी अनुमोदन दिया है, जो पांचवें और छठे केंद्रीय वेतनमान के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इसके तहत पांचवें वेतनमान का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठे वेतनमान का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। यह बढ़ी हुई दरें एक जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *