ऊधमसिंहनगर, 27 मार्च 2025(हमारी चौपाल ) कुमायूँ परिक्षेत्र की नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्रीमती रिधिम अग्रवाल ने आज जनपद ऊधमसिंहनगर का दौरा किया। यह उनका आईजी कुमायूँ रेंज का पदभार ग्रहण करने के बाद पहला दौरा था। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कानून व्यवस्था, नशे के खिलाफ कार्रवाई, महिला सुरक्षा और लंबित मामलों की समीक्षा की।
नशे के खिलाफ बड़ा अभियान,बड़े माफियाओं पर शिकंजा
बैठक में मुख्यमंत्री के ,ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान की समीक्षा की गई। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिर्फ छोटे नशा कारोबारियों पर कार्रवाई कर वाहवाही लूटने की बजाय, बड़े ड्रग माफियाओं पर शिकंजा कसा जाए। उनकी संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया भी तेज की जाए।
इसके साथ ही, स्कूलों और कॉलेजों में बनी एंटी-ड्रग्स कमेटियों को प्रभावी बनाने और युवाओं की काउंसलिंग के लिए लगातार बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
आईजी ने कहा कि माता-पिता को भी जागरूक होना होगा। उन्हें अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और स्कूल-कॉलेज के दोस्तों को भी यदि किसी के नशे में लिप्त होने की जानकारी हो, तो तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन या परिवार को देनी चाहिए।
NDPS एक्ट का सख्त पालन—नशा तस्करों पर प्रिवेंटिव डिटेंशन
आईजी ने निर्देश दिए कि पिट एनडीपीएस एक्ट (PIT NDPS Act) को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। हर थाना क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाए जो नशे के कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल हैं, और उनके खिलाफ प्रिवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जाए। साथ ही, स्थानीय इंटेलिजेंस यूनिट को भी सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
महिला अपराधों पर कड़ी नजर,रेप पीड़ितों की नियमित काउंसलिंग
बैठक में महिला अपराधों, विशेष रूप से रेप और पॉक्सो मामलों की गंभीरता से समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि बाल कल्याण और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से वन-स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ितों की नियमित काउंसलिंग कराई जाए, ताकि उन्हें मानसिक और सामाजिक सहयोग मिल सके। इस तरह रेप पीड़ितों के आत्महत्या करने जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी,गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश
आईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान खासी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि विवेचकों की नियमित समीक्षा हो और मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
बाबा तरसेम हत्याकांड में पुलिस की सराहना, फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
बैठक में हाल ही में चर्चित बाबा तरसेम हत्याकांड में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की गई। आईजी ने कहा कि जो आरोपी अब तक फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए SOG और STF के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द कार्रवाई की जाए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एसपी अपराध निहारिका तोमर, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, एसपी काशीपुर अभय सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस निशा यादव और जिले के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
More Stories
ऊधमसिंह नगर में ईद,उल,फितर पर मांगी अमन,चैन की दुआ