देहरादून में शादी के चार महीने बाद तीन तलाक:दहेज के लिए महिला पर बनाया जा रहा था दबाव, पति पर केस दर्ज

Share the Post

देहरादून के पटेलनगर में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटेलनगर थाना क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी निवासी कौसर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 26 जनवरी 2026 को आलसफ के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा।

मायके से पैसे नहीं लाने पर तीन तलाक देने की धमकी का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, जब वह मायके से पैसे नहीं ला सकी तो उसका पति उसे बार-बार तीन तलाक देने की धमकी देने लगा। महिला का कहना है कि उसने अपना वैवाहिक जीवन बचाने के लिए लंबे समय तक अत्याचार सहन किए, लेकिन 18 मई 2026 को पति ने आवेश में आकर उसे तीन तलाक दे दिया और वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही।

महिला ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि पति का यह कृत्य मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और भारतीय कानून का उल्लंघन है। उसके अनुसार, तीन तलाक देने के बाद पति ने उसे अपने साथ रखने से भी इनकार कर दिया।

पति और उसके साथियों से खतरे की आशंका, सुरक्षा की मांग

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्तमान में उसे अपने पति और उसके साथियों से मानसिक और शारीरिक खतरा बना हुआ है। उसने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पटेलनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4, मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *