दिल्ली अग्निकांड: केशव नेगी मामले में CM धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री से की बात, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

Share the Post

देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उनकी निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर वार्ता कर मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से मामले की सच्चाई सामने लाएंगी।

मुख्यमंत्री ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ खड़ी है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

उधर, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उन्होंने और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर मामले की निष्पक्ष, गहन और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-विदेश में अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि दोषी को दंड मिलना चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

उन्होंने भरोसा जताया कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्य सामने आएगा और जरूरत पड़ने पर केशव नेगी को हरसंभव कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *