रुद्रप्रयाग में बड़ा सड़क हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला समेत 3 गंभीर घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Share the Post

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. बजीरा-जखोली मोटर मार्ग पर एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भयावह था कि वाहन के खाई में गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं और बचाव अभियान शुरू किया गया. जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 10:19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने बिना समय गंवाए डीडीआरएफ (DDRF) की रेस्क्यू टीम, तहसील जखोली के अधिकारियों, पुलिस बल व 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया.

दुर्घटना स्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं, क्योंकि वाहन गहरी खाई में जा गिरा था. इसके बावजूद राहत व बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया.

घायलों की लिस्ट: दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान राजीव कुमार (46 वर्ष) पुत्र मोहन लाल निवासी ललूड़ी जखोली (वाहन चालक), गजेन्द्र (40 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह निवासी काण्डई मयाली और छुम्मा देवी (55 वर्ष) पत्नी धनी राम निवासी ऐकलिंग बुढना के रूप में हुई है. इनमें छुम्मा देवी को गंभीर चोटें आई हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे जा गिरा. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया. ग्रामीणों की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे संभावित बड़ी जनहानि टल गई. फिलहाल पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी एवं अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *