यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया, ऊर्जा क्षेत्र में नए युग की दिशा में प्राथमिकताएँ की साझा

Share the Post

देहरादून। उत्तराखंड शासन द्वारा 01 जुलाई को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत अजय कुमार सिंह को यूजेवीएन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया। शासन के आदेश के अनुपालन में आज विधिवत रूप से उन्होंने प्रबंध निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण किया।

अजय कुमार सिंह इससे पूर्व यूजेवीएन लिमिटेड में ही प्रभारी प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे तथा साथ ही वर्तमान में निदेशक (परिचालन) का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे हैं। वर्ष 2005 में अधिशासी अभियंता के रूप में यूजेवीएन लिमिटेड से अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले सिंह ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए 01 जुलाई, 2025 को अधिशासी निदेशक का दायित्व संभाला। लगभग तीन दशक के अपने समृद्ध तकनीकी एवं कुशल प्रबंधकीय अनुभव के दौरान उन्होंने नाथपा-झाकड़ी, कोल डैम, लारजी, मनेरी-भाली द्वितीय तथा व्यासी जैसी महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण, कमिश्निंग, परिचालन एवं अनुरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अजय कुमार सिंह ने उत्तराखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर व्यक्त किए गए विश्वास पर वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली के माध्यम से खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यूजेवीएन लिमिटेड को देश के अग्रणी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं वित्तीय रूप से सुदृढ़ ऊर्जा उपक्रमों में स्थापित करना तथा उत्तराखंड को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राज्य सरकार के विज़न को गति प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना सहित निगम की सभी निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता एवं लागत मानकों के अनुरूप तीव्र गति से आगे बढ़ाते हुए शीघ्र पूर्ण करना तथा उन्हें ऊर्जीकृत करना होगी। उन्होंने कहा कि लखवाड़ परियोजना उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो जलविद्युत उत्पादन के साथ-साथ सिंचाई एवं पेयजल उपलब्धता की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

सिंह ने कहा कि पुराने जलविद्युत गृहों के पुनरोद्धार, नवीनीकरण एवं उच्चीकरण (Renovation, Modernization & Upgradation-RMU) कार्यों को गति देकर उनकी उत्पादन क्षमता एवं विश्वसनीयता में वृद्धि की जाएगी। साथ ही सौर ऊर्जा परियोजनाओं का विस्तार, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS), भूतापीय (Geothermal) ऊर्जा तथा उत्तराखंड में विशाल संभावनाओं को देखते हुए पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के विकास के लिए चरणबद्ध एवं समयबद्ध कार्ययोजना पर कार्य किया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में बिजली उत्पादन की क्षमता का विस्तार करना ,उत्तराखण्ड को एनर्जी सरप्लस प्रदेश बनाना तथा उत्तराखण्ड के युवाओं को रोज़गार प्रदान करना भी उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी !

उन्होंने कहा कि निगम के उपलब्ध मानव संसाधन की क्षमता का अधिकतम उपयोग, आधुनिक तकनीकों का समावेश, नवाचार, सुशासन, समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया तथा वित्तीय अनुशासन को संगठन की कार्यसंस्कृति का आधार बनाया जाएगा। निगम की वित्तीय स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, लागत में कमी लाने तथा राजस्व में वृद्धि के लिए भी प्रभावी एवं परिणामकारी कदम उठाए जाएंगे।

अजय कुमार सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक कार्यसंस्कृति, तकनीकी दक्षता एवं समर्पण के बल पर यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन, परियोजना निर्माण तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी ऊर्जा राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष कुमार जैन, जी.एस. बुदियाल सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अजय कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं समृद्ध अनुभव से यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा उत्तराखंड के ऊर्जा विकास में ऐतिहासिक योगदान देगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *