मसूरी में मंत्री गणेश जोशी ने बांटे पौधे और सब्जियों के बीज, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Share the Post

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोगों को नींबू के पौधे तथा गाजर, मूली और शलजम के बीज वितरित किए। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और अपने घरों में पोषक सब्जियां उगाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार “जनता के द्वार” की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सके।

उन्होंने हरेला पर्व के अवसर पर चलाए गए पौधारोपण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि उनके विभाग ने 10 लाख पौधे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इनमें 50 हजार चाय के पौधे और 50 हजार रेशम के पौधे शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष पौधों का वितरण भी निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, खेतों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पोषण वाटिकाएं विकसित करने की अपील की।

कीमाड़ी मार्ग के निर्माण कार्य पर बोलते हुए गणेश जोशी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अगले दिन पुरकुल में इस संबंध में महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी भी प्राथमिकता है कि वन-वे व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कीमाड़ी मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द पूरा हो।

मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग की स्थिति पर मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का नियंत्रण नहीं होता, लेकिन राहत और पुनर्बहाली के लिए पूरा सरकारी तंत्र पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारिश थमते ही सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि आम जनता और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *