मोहब्बेवाला हादसों पर प्रशासन सख्त: डीएम-एसएसपी ने किया हाईवे का निरीक्षण

Share the Post

देहरादून: मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

20 सितंबर की दुर्घटना का लिया संज्ञान

अधिकारियों ने 20 सितंबर को हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए राजमार्ग की स्थिति और हादसों के संभावित कारणों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने सड़क इंजीनियरिंग, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट), ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े पहलुओं का गहन विश्लेषण करने को कहा। साथ ही, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बड़े और स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप स्थापित करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को कार्ययोजना का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *