हरिद्वार में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक आरोपी घायल; साथी फरार

Share the Post

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर के जंगल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जंगल और आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, बहादराबाद क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दौलतपुर के जंगल में दो संदिग्ध बदमाश बाइक से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी शुरू की।

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान मुदस्सिर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचे एसएसपी

घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। बाद में उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पुलिस अधिकारियों से मामले की प्रगति की जानकारी ली।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार कांबिंग कर रही हैं।

14 सितंबर को हुई थी बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को बहादराबाद क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी पुत्र राजकुमार अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश दुकान में घुसे और हैप्पी को गोली मारकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल था।

घटना के विरोध में भीम आर्मी की ओर से बहादराबाद कोतवाली का घेराव भी किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस की जांच के दौरान मुठभेड़ में घायल हुआ मुदस्सिर इस हत्याकांड में कथित रूप से शामिल बताया जा रहा है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके फरार साथी और हैप्पी हत्याकांड में दोनों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *