एक नवंबर से लागू हुआ शीतकालीन शेड्यूल, देहरादून जिले के सभी विभागीय अस्पतालों में नई व्यवस्था लागू
देहरादून। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए ओपीडी का समय बदल दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने एक नवंबर से अपने अधीन संचालित सभी अस्पतालों में शीतकालीन समय-सारणी लागू कर दी है। इसके तहत अब मरीजों को डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए सुबह 8 बजे के बजाय 9 बजे अस्पताल पहुंचना होगा।
नई व्यवस्था के अनुसार, अब सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। इससे पहले ग्रीष्मकालीन समय-सारणी के तहत ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चल रही थी।
देहरादून के सभी विभागीय अस्पतालों में लागू हुआ नया समय
स्वास्थ्य विभाग के नए आदेश के तहत देहरादून जिले के कोरोनेशन जिला अस्पताल, प्रेमनगर अस्पताल, रायपुर अस्पताल, डोईवाला अस्पताल, ऋषिकेश उप जिला अस्पताल समेत अन्य विभागीय अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया गया है। इन सभी अस्पतालों में अब सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे।
ओपीडी का समय बदलने से उन मरीजों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करना होगा, जो सुबह जल्दी अस्पताल पहुंचकर पंजीकरण और चिकित्सकीय परामर्श की प्रक्रिया शुरू कर देते हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को नए समय का ध्यान रखना होगा।
मेडिकल कॉलेजों में नहीं बदलेगा ओपीडी का समय
मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के अधीन संचालित जिला एवं अन्य सरकारी अस्पतालों से अलग है। मेडिकल कॉलेजों में पूरे साल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही ओपीडी संचालित होती है। यहां मौसम के अनुसार ओपीडी के समय में बदलाव नहीं किया जाता है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधीन आने वाले अस्पतालों में प्रत्येक वर्ष एक नवंबर से शीतकालीन और गर्मियों में ग्रीष्मकालीन समय-सारणी लागू की जाती है।
समय पर चिकित्सकों की उपस्थिति के निर्देश
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी एक नवंबर से अस्पतालों में ओपीडी का समय परिवर्तित किया गया है। सभी अस्पताल प्रभारियों और चिकित्सकों को नई समय-सारणी के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्धारित ओपीडी समय के दौरान सभी चिकित्सक अपने कक्षों में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक जांच और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों से अपील की है कि अस्पताल जाने से पहले ओपीडी के नए समय का ध्यान रखें, ताकि उन्हें उपचार और चिकित्सकीय परामर्श लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।
More Stories
मुख्यमंत्री ने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का किया शुभारंभ, ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का किया विमोचन
डोईवाला में महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो 296 ग्राम अवैध गांजा बरामद
कौथिग 2026 में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, लोकसंस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर