कॉलेज विवाद के चलते हुई थी फायरिंग, घायल युवक अस्पताल में भर्ती; अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग कर एक युवक को घायल करने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार के साथ नया गांव बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट कार सवार कुछ युवकों ने पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। घायल युवक साहिल को उसके साथियों ने उपचार के लिए महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में घायल युवक के साथी अंशुल पुत्र शिवकुमार, निवासी शिकारपुर, मंगलौर ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उसका और उसके साथी आदित्य व सुजल का गुरमीत नाम के युवक के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरमीत ने अपने साथियों अमन, रोहित और एक अन्य युवक के साथ मिलकर उन पर फायरिंग की, जिसमें साहिल को गोली लग गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 544/26, धारा 109/3(5)/352 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से जनपद के सभी थानों और सीमावर्ती चेक पोस्टों को संदिग्ध कार की तलाश के लिए अलर्ट किया गया। इसी दौरान जनपद में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने नया गांव बैरियर के पास संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गुरमीत का आदित्य, सुजल और उनके साथियों के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरमीत और उसके साथियों ने आईटीएस कॉलेज वाली रोड पर फायरिंग की थी। वहां लोगों के एकत्र होने पर सभी आरोपी स्विफ्ट कार से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आदित्य और उसके साथियों ने मोटरसाइकिल से कार सवारों का पीछा किया। इसके बाद शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूडस चौक के पास गुरमीत ने दोबारा उन पर फायरिंग की, जिसमें आदित्य का साथी साहिल गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दलेड़ी, थाना बड़गांव, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी एवं होटल मैनेजमेंट छात्र, सुभारती कॉलेज, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार संख्या HR-51-AZ-0890 बरामद की है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।