November 18, 2026

खनन माफिया से वसूली पड़ गई भारी! 45 हजार की रिश्वत लेते पुलिसकर्मी गिरफ्तार

Share the Post

हल्द्वानी/नैनीताल।  उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने चौकी बेतालघाट थाना भवाली में तैनात आरक्षी दीपक सामन्त को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खनन कार्य से जुड़े लोगों से एक पुलिसकर्मी द्वारा 65 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। आरोप था कि रिश्वत न देने पर खनन कार्य रुकवाने, वाहनों को रोकने, चालान करने और सीज कराने की धमकी दी जा रही थी, जबकि खनन कार्य पूरी तरह वैध बताया गया।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की। इसके बाद रविवार 25 मई को कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षी दीपक सामन्त पुत्र खुशाल सिंह निवासी विलहरी चकरपुर, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

वहीं निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और विजिलेंस हेल्पलाइन 9456592300 पर संपर्क करें।


Share the Post

You may have missed