उत्तराखंड पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, 3,922 पदों पर 12 अक्टूबर को मतदान

Share the Post

देहरादून। उत्तराखंड में पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार, प्रदेश में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3,922 रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। इन पदों के लिए 12 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, जबकि 4 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 5 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

3,890 ग्राम पंचायत सदस्य पद रिक्त

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, उपचुनाव के तहत ग्राम पंचायत सदस्य के 3,890 पद, ग्राम प्रधान के 23 पद और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं। इन रिक्त पदों पर चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी।

गौरतलब है कि हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के 12 जिलों में वर्ष 2025 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। चुनाव के बाद विभिन्न कारणों से कई पद रिक्त रह गए थे। इसके अलावा बाद में भी कुछ पंचायत पद खाली हुए। इन्हीं रिक्त पदों को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

उपचुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद संबंधित जिलों में निर्वाचन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

पंचायत उपचुनाव की प्रमुख तिथियां:

  • नामांकन प्रक्रिया शुरू: 26 सितंबर 2026
  • नामांकन दाखिल: 30 सितंबर और 1 अक्टूबर, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
  • नामांकन पत्रों की जांच: 3 अक्टूबर
  • नाम वापसी: 4 अक्टूबर
  • चुनाव चिन्ह आवंटन: 5 अक्टूबर
  • मतदान: 12 अक्टूबर
  • मतगणना एवं परिणाम: 14 अक्टूबर

Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *