October 7, 2026

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, जिलों में वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

Share the Post

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से उत्तराखंड में ‘विकसित भारत संकल्प एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा ने यात्रा को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदेश स्तर पर यात्रा की कमान भाजपा प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट संभालेंगे। वहीं, विभिन्न जिलों में प्रदेश सह प्रभारी, सांसद, कैबिनेट मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

देहरादून में होगा मुख्य कार्यक्रम

देहरादून में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं और लोगों को विकसित भारत का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद इस ज्योति को लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया जाएगा।

सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में होंगे आयोजन

भाजपा की ओर से देहरादून की तर्ज पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी सेवा ज्योति यात्रा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आमजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से अवगत कराने के साथ विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूक करना है।

उत्तरकाशी में सीएम धामी संभालेंगे कार्यक्रम

उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह शामिल होंगी। टिहरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल कार्यक्रम की कमान संभालेंगे।

ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा शामिल होंगे। वहीं हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

इन जिलों में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

  • उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह
  • टिहरी: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल
  • ऊधम सिंह नगर: प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा
  • हरिद्वार: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत वरिष्ठ नेता
  • पौड़ी: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
  • अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या
  • बागेश्वर: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा
  • चंपावत: कैबिनेट मंत्री खजान दास
  • नैनीताल: सांसद अजय भट्ट
  • चमोली: विधायक अनिल नौटियाल और भोपाल राम टम्टा

सेवा और विकसित भारत का दिया जाएगा संदेश

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों को भी ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। भाजपा ने यात्रा को प्रदेश के जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।


Share the Post