November 20, 2026

एसएसपी देहरादून ने सड़क पर उतरकर चलाया जागरूकता अभियान, पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

Share the Post

देहरादून। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (पिलियन राइडर) के लिए हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान एसएसपी ने खुद मुख्य चौराहों पर पहुंचकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

अभियान के दौरान जिन दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठी सवारी बिना हेलमेट के मिली, उन्हें हेलमेट पहनने के महत्व और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान होने वाले खतरों की जानकारी दी गई। साथ ही बिना हेलमेट वाले पिलियन राइडर्स को पुलिस की ओर से हेलमेट भी वितरित किए गए। वहीं, चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया और उनके जिम्मेदार व्यवहार की सराहना की।

एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य लोगों का चालान करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इस दौरान वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने, कार में सीट बेल्ट का प्रयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की भी हिदायत दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Share the Post