स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट

Share the Post

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में आज स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति, हरिद्वार के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके आश्रित परिवारों से जुड़े विभिन्न विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी देश की स्वतंत्रता के लिए अपने जीवन का सर्वस्व न्योछावर करने वाले राष्ट्र के महान नायक हैं। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ जीवन जी रहे हैं। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानी सम्मान पेंशन की व्यवस्था के साथ ही उनके आश्रित परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों एवं उनके योगदान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके नाम पर स्मारकों एवं अन्य सम्मानजनक पहलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने राष्ट्र की आजादी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य सरकार का प्रयास है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को इतिहास और जनमानस में सदैव जीवंत रखा जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके उत्तराधिकारी परिवारों से जुड़े जायज विषयों का नियमों के अनुरूप प्राथमिकता से परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का परीक्षण करते हुए नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान एवं हितों के प्रति राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री सुरेश चंद्रा सुयाल, श्री अनुराग सिंह गौतम तथा श्री आदित्य सिंह सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्य भी उपस्थित थे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *