November 24, 2026

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री

Share the Post

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाकर मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं नाम जपो, किरत करो और वंड छको आज भी मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये शिक्षाएं परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। संगत और लंगर की परंपरा सामाजिक समानता एवं समरसता का अनुपम उदाहरण है, जहां सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।

उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान सराहनीय एवं अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सिख समाज की आस्था से जुड़े उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक जुड़ाव है। प्रदेश में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी और विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना, प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है। उन्होंने सभी से सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित रही।


Share the Post